बहराइच। नानपारा-बहराइच-गोंडा के रास्ते बनारस तक रेल सेवा बहाल कराने की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय रेल मंत्री के नाम पत्र भेजकर बंद रेल सेवा को तत्काल शुरू कराने की मांग की।
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष नानपारा नसीबुन निशां और शाइस्ता परवीन के नेतृत्व में पहुंचे सपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि रेल सेवा बंद होने से आम यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। करीब दो वर्षों से बंद इस रेल सेवा को बहाल करने के लिए दो बार ट्रायल भी हो चुका है, लेकिन अब तक नियमित संचालन शुरू नहीं किया गया।
नसीबुन निशां ने बताया कि उन्होंने 13 अगस्त को जिलाधिकारी को पत्र देकर 15 अगस्त तक रेल संचालन शुरू नहीं होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। निर्धारित समय तक सेवा शुरू नहीं होने पर कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर अपनी मांग उठाई।
उन्होंने कहा कि रेल सेवा बंद होने से गरीब मजदूरों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, मरीजों और आम यात्रियों को निजी साधनों से यात्रा करनी पड़ रही है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने रेल सेवा को जल्द से जल्द बहाल करने की मांग की।
नसीबुन निशां ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर समाजवादी पार्टी जनहित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी के मयंक, नेत्री शाइस्ता परवीन, समाजवादी महिला सभा की नगर अध्यक्ष मन्नू देवी, जिलाध्यक्ष सुमन शर्मा समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट: अनिरुद्ध मिश्रा









