कसया। चीनी के थोक विक्रेताओं के स्टॉक पर प्रशासन की निगरानी के बीच मंगलवार को कसया नगर और आसपास के क्षेत्र में जांच अभियान चलाया गया। एसडीएम विवेक कुमार मिश्र ने आपूर्ति विभाग की टीम के साथ विभिन्न थोक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर चीनी के स्टॉक का सत्यापन किया।
प्रशासन की कार्रवाई की जानकारी मिलते ही कई दुकानदारों में हड़कंप मच गया और कुछ दुकानदार शटर गिराकर वहां से निकल गए। जांच टीम गोला बाजार स्थित उमेश किराना स्टोर पहुंची। यहां 205 बोरी में कुल 102.5 कुंतल चीनी मिली। इसके बाद मां ट्रेडिंग कंपनी की जांच की गई, जहां 232 बोरे में 116 कुंतल चीनी उपलब्ध मिली।
गायत्री ट्रेडर्स के यहां 492 बोरी में 256 कुंतल तथा नियाज अहमद किराना के यहां 92 बोरी में 46 कुंतल चीनी का स्टॉक पाया गया। वहीं फाजिलनगर स्थित संतोष ब्रदर्स के प्रतिष्ठान पर 1114 बोरी में कुल 557 कुंतल चीनी उपलब्ध मिली।
टीम ने प्रतिष्ठानों पर उपलब्ध चीनी के स्टॉक का अभिलेखों से मिलान किया। जांच के दौरान किसी भी प्रतिष्ठान पर निर्धारित सीमा से अधिक चीनी का भंडारण नहीं पाया गया। अधिकारियों ने स्टॉक रजिस्टर समेत अन्य अभिलेखों की भी जांच की और विक्रेताओं को नियमानुसार स्टॉक रखने के निर्देश दिए।
एसडीएम विवेक कुमार मिश्र ने बताया कि शासन के निर्देश के अनुसार चीनी की जमाखोरी रोकने और बाजार में इसकी पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए थोक विक्रेताओं के स्टॉक का सत्यापन किया जा रहा है। थोक विक्रेता निर्धारित सीमा से अधिक चीनी का भंडारण नहीं कर सकता।
जांच किए गए प्रतिष्ठानों पर निर्धारित मात्रा से अधिक स्टॉक नहीं मिला है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में किसी प्रतिष्ठान पर स्टॉक में अनियमितता या जमाखोरी पाई गई तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान विपणन निरीक्षक विजय शंकर राय और खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरबी चौहान मौजूद रहे।









