तमकुहीराज (कुशीनगर)। राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। तमकुहीराज थाना क्षेत्र के माधोपुर कट के पास तेज रफ्तार लग्जरी कार ने स्कूटी सवार तीन छात्राओं को कुचल दिया। हादसे में दो छात्राओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तमकुहीराज में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया।
तीनों छात्राएं विद्यावती देवी महाविद्यालय, झारही से पढ़ाई कर स्कूटी से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। सीएचसी तमकुहीराज के चिकित्सक डॉ. मजहर ने दोनों छात्राओं की मौत की पुष्टि की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद चालक कार लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने पीछा कर पटहेरवा थाना क्षेत्र के डूमरभार स्थित शाही पेट्रोल पंप के पास कार को पकड़ लिया। इस दौरान कार ने एक अन्य बाइक सवार कमलेश यादव (22 वर्ष), निवासी उदयपुरा, जिला सीकर (राजस्थान) को भी टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गए। टक्कर के दौरान कार का अगला बायां पहिया ब्लास्ट हो गया, लेकिन चालक वाहन भगाता रहा।
घटनास्थल और सीएचसी में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि घटना के काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जिससे लोगों में नाराजगी रही।
सीओ तमकुहीराज जयंत यादव ने बताया कि कार से गोरखपुर निवासी द्वेष कुमार यादव और अजय निषाद को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। उनका मेडिकल परीक्षण कराकर मुकदमा दर्ज किया जाएगा और विधिक कार्रवाई की जाएगी।
दुर्घटना में निशा गिरी, पुत्री ओमप्रकाश गिरी तथा अनामिका ठाकुर, पुत्री हरेंद्र ठाकुर, निवासी सुखदेव पट्टी, थाना गोपालपुर, जिला गोपालगंज (बिहार) की मौत हो गई। वहीं आलिसा खातून गंभीर रूप से घायल हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
मृतका निशा गिरी दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटी थीं। उनके पिता विदेश में रहकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। वहीं अनामिका ठाकुर दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ी थीं। उनके पिता रोजी-रोटी के लिए बाहर मजदूरी करते हैं। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घायल छात्रा को बेहतर इलाज के लिए विद्यावती देवी महाविद्यालय के प्रबंधक बबलू राय ने निजी एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेजवाया। वहीं महाविद्यालय के एक छात्र ने अपनी निजी कार से घायल छात्रा को तत्काल सीएचसी पहुंचाकर मानवता की मिसाल पेश की, जिसकी क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।









