महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र के बरगदवा रानीलक्ष्मीबाई गांव निवासी एक महिला ने गांव के कुछ लोगों पर लाठी-डंडे से मारपीट करने और बाद में घर पहुंचकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले में पुलिस अधीक्षक महराजगंज को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र के अनुसार, श्रीमती द्रोपती देवी पत्नी पतलू का आरोप है कि 21 अगस्त 2026 की रात करीब 10 बजे गांव के प्रेमनारायण पुत्र अज्ञात, श्याम पुत्र प्रेमनारायण, मंगली पत्नी प्रेमनारायण और मोहित पुत्र वीरेंद्र ने मिलकर उनके साथ लाठी-डंडे से मारपीट की।
पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के दौरान उनके लड़के दीनदयाल और बेटी सुनीता के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि घटना के दौरान पीड़िता के सिर में चोट लगी और इलाज पनियरा में कराया गया।
पीड़िता के मुताबिक घटना के संबंध में पनियरा थाने में प्रार्थना पत्र दिया गया था, लेकिन आरोप है कि अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसी बीच 24 अगस्त 2026 को कथित आरोपी उनके घर पहुंचे और धमकी देते हुए कहा कि अब वे लोगों को जान से मार डालेंगे। इस धमकी के बाद पीड़ित परिवार में भय का माहौल है।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करने और उचित कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।









