तमकुहीराज। पडरौना कोतवाली थाना क्षेत्र के बबुइया हरपुर निवासी इंदु देवी पत्नी प्रहलाद ने तमकुहीराज पुलिस से शिकायत कर आरोप लगाया है कि उनके निर्वाचन कार्ड का कथित रूप से गलत इस्तेमाल कर तमकुहीराज में उनके नाम पर करीब 35 हजार रुपये का समूह लोन उठा लिया गया। पीड़िता का कहना है कि उन्होंने स्वयं कोई लोन नहीं लिया है।
पीड़िता के अनुसार, उनके नाम पर लोन होने की जानकारी मिलने के बाद वह बेहद परेशान हैं। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के साथ ही दिसंबर माह में उनकी बेटी की शादी भी होनी है। ऐसे में बिना लोन लिए उनके नाम पर रकम चढ़ जाने से वह काफी चिंतित हैं। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर मामले की जांच कर फर्जीवाड़ा करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इंदु देवी का आरोप है कि उनके निर्वाचन कार्ड का इस्तेमाल कर तमकुहीराज क्षेत्र में समस्ता फाइनेंस के माध्यम से समूह लोन कराया गया। उन्होंने पुलिस से लोन से संबंधित दस्तावेजों की जांच कराने और यह पता लगाने की मांग की है कि उनके दस्तावेजों का इस्तेमाल किसने किया तथा लोन की रकम किसने प्राप्त की।
मामले में समस्ता फाइनेंस कंपनी तमकुहीराज शाखा के ब्रांच मैनेजर बिट्टू कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किसी दूसरी महिला ने फर्जीवाड़ा किया है। पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि पीड़ित महिला की मदद की जा रही है।
वहीं, तमकुहीराज पुलिस ने बताया कि मामला संज्ञान में है। सभी संबंधित पक्षों को बुलाया गया है। दस्तावेजों और तथ्यों की जांच के बाद जल्द ही मामले का समाधान करा दिया जाएगा।
अब पीड़िता को पुलिस जांच से यह उम्मीद है कि उसके नाम पर हुए कथित फर्जी लोन की वास्तविकता सामने आएगी और उसे इस लोन के बोझ से राहत मिलेगी।









