बुलंदशहर में दबंगों का घर में तांडव, महिला समेत चार की पिटाई; एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बुलंदशहर। गुलावठी थाना क्षेत्र के राम नगर-7 में पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों द्वारा एक घर में घुसकर महिला और उसके तीन बच्चों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि दबंगों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला किया और विरोध करने पर उसके चेहरे पर लोहे के पंच से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले में पीड़िता ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता के मुताबिक, पुरानी रंजिश को लेकर कुछ दबंग जबरन उसके घर में घुस आए। आरोप है कि इसके बाद महिला, उसकी दो बेटियों और बेटे के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई। पीड़िता ने बताया कि उसने जब हमलावरों का विरोध किया तो मुख्य आरोपी बताए जा रहे रहीसुद्दीन ने उसके चेहरे पर लोहे के पंच से वार कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गई।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसकी बेटी के साथ छेड़छाड़ भी की और जान से मारने की नीयत से हमला किया। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से शिकायत की। पीड़िता का दावा है कि पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेने के बाद बिना प्रभावी कार्रवाई के छोड़ दिया।

पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट पीड़िता ने बुलंदशहर एसएसपी कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों को शिकायत दी और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। मामले को लेकर पुलिस जांच और पीड़ित पक्ष के आरोपों की सत्यता सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की उम्मीद है।

रिपोर्ट: उदय यादव

और पढ़ें

[the_ad id="164"]