सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के मारकुंडी के अवई टोला में सोमवार सुबह रेलवे लाइन के किनारे 75 वर्षीय वृद्ध का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान राम स्नेही यादव निवासी मारकुंडी के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और परिजनों को सूचना दी गई।
बताया जा रहा है कि राम स्नेही यादव मानसिक रूप से अस्वस्थ थे। रविवार रात वह घर से बाहर निकल गए थे। परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन रात में उनका कोई पता नहीं चल सका। सोमवार सुबह रेलवे लाइन के पास वृद्ध का शव मिलने की सूचना मिली। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान राम स्नेही यादव के रूप में की।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आशंका है कि रेलवे लाइन पार करते समय वृद्ध किसी मालगाड़ी की चपेट में आ गए होंगे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
सूचना पर डायल 112 और गुरमा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
वृद्ध की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
रिपोर्टर: अमलेश सोनकर









