सहारनपुर। सरसावा थाना क्षेत्र के सलूनी गांव में घर की तिजोरी से करीब 30 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी होने के मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे में खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने आरोपी नौकर विजय उर्फ ब्रजेश को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया।
एसपी देहात मयंक पाठक ने रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता कर बताया कि सलूनी निवासी पवन कुमार ने 23 अगस्त को घर से जेवर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने अपने यहां काम करने वाले विजय उर्फ ब्रजेश पुत्र मागेराम निवासी तेलीपुरा, थाना चिलकाना पर चोरी का आरोप लगाया था।
मामले की जांच के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गईं। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को कलरी से इब्राहीमपुर जाने वाले रेलवे ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर दो सोने की अंगूठी, दो कंगन, चेन, माथे का टीका, दो गले के सेट, झुमकी-टॉप्स समेत चांदी की अंगूठी, ओम, तीन जोड़ी पाजेब, गुच्छे, लड़ी वाली तगड़ी और कड़ूले बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पिछले करीब आठ महीने से घर में काम कर रहा था। इस दौरान उसने कई बार मालिक की पत्नी को तिजोरी में जेवर रखते देखा था। पुलिस के मुताबिक लालच में आकर उसने 22 अगस्त को तिजोरी से जेवर चोरी कर लिए और बाद में उन्हें बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रेसवार्ता के दौरान एसपी देहात ने पुलिस टीम की कार्रवाई की जानकारी दी।
रिपोर्ट: काशिफ खान









