तमकुहीराज। कुशीनगर जिले के तमकुहीराज क्षेत्र में सोमवार को एनएच-727बी पर बीआरसी के सामने दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तमकुहीराज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया तथा दो गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीपुर बाबू निवासी 60 वर्षीय नरेंद्र यादव अपने पुत्र पंकज यादव के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान बीआरसी के सामने सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में नरेंद्र यादव की मौके पर ही गंभीर चोटें आईं, जबकि उनके पुत्र पंकज यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी बाइक पर सवार मंझरिया, थाना विजयीपुर (गोपालगंज, बिहार) निवासी माया देवी पत्नी जमादार भी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद दूसरी बाइक का चालक रामप्रवेश सिंह पुत्र बाबूलाल सिंह घायल महिला को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए सभी घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सीएचसी तमकुहीराज पहुंचाया।
चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद नरेंद्र यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि पंकज यादव और माया देवी की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही तमकुहीराज पुलिस मौके पर पहुंच गई और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया, जबकि मृतक के शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि मृतक नरेंद्र यादव समाजवादी पार्टी के सक्रिय सदस्य थे। हादसे की सूचना मिलते ही सपा नेता डॉ. उदय नारायण गुप्ता एवं मधुरश्याम राय सीएचसी पहुंचे, जहां उन्होंने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में सहयोग किया। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन, ग्रामीण और सपा कार्यकर्ता अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, जिससे माहौल बेहद गमगीन हो गया।









