कुशीनगर। रामकोला थाना क्षेत्र के ढिउलिया मनिया छापर गांव के टोला भरपटिया में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत के मामले में कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रदेश महासचिव एवं बस्ती मंडल प्रभारी, पूर्व विधायक रमानन्द बौद्ध ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन के मुताबिक, 19 अगस्त 2026 को ग्राम ढिउलिया मनिया छापर निवासी अंजू राजभर की प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। आरोप लगाया गया है कि प्रसव कराने का कार्य नर्स मीरा राय द्वारा अनधिकृत तरीके से किया जा रहा था।
मामले में संबंधित थाने में लिखित शिकायत दिए जाने के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं होने और विभागीय कार्रवाई न किए जाने का आरोप लगाया गया है। ज्ञापन में बताया गया कि 20 अगस्त को प्रतिनिधिमंडल थाने पहुंचा, लेकिन जांच के नाम पर कार्रवाई टालने का आरोप लगाया गया।
इसके बाद 22 अगस्त को मुख्य चिकित्साधिकारी, पुलिस अधीक्षक और अपर जिलाधिकारी को भी पत्र देकर मामले में कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन में संबंधित नर्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के साथ विभागीय कार्रवाई की मांग की गई है।
साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की जिला इकाई 7 सितंबर 2026 को धरना-प्रदर्शन और अधिकारियों के घेराव के लिए बाध्य होगी। हालांकि, लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।









