सावन के अंतिम सोमवार को शिवालयों में गूंजा हर-हर महादेव

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बिजनौर। सावन के अंतिम सोमवार के अवसर पर जनपदभर के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिरों में भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंजते रहे।

धामपुर नगर के मोहल्ला पंजाबी कॉलोनी स्थित शिव मंदिर, मोहल्ला साहुवान स्थित श्रीराम मंदिर सहित नगर के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ भगवान शिव की पूजा-अर्चना की और जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर दूध, जल, बेलपत्र, धतूरा और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की।

सावन के अंतिम सोमवार को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। महिलाएं, पुरुष और बच्चे बड़ी संख्या में मंदिरों में पहुंचे और भगवान शिव की आराधना की। सुबह से ही मंदिरों में पूजा-अर्चना का दौर चलता रहा। श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार करते हुए भगवान शिव के दर्शन करते नजर आए।

वहीं, प्रमुख मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन की विशेष तैनाती नजर नहीं आई। इसके बावजूद श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण और भक्तिभाव के साथ पूजा-अर्चना कर सावन के अंतिम सोमवार का पर्व मनाया।

 

रिपोर्टर: मोहम्मद रहमान
जिला: बिजनौर, उत्तर प्रदेश

और पढ़ें

[the_ad id="164"]