रायबरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को रायबरेली के दौरे पर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मुख्यमंत्री के दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह करीब 10 बजे रायबरेली पहुंचेंगे। वह पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर उतरने के बाद कार से शहीद स्मारक रोड जाएंगे। यहां मुख्यमंत्री करोड़ों रुपये की लागत से नवनिर्मित ऑडिटोरियम और पुस्तकालय का उद्घाटन करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री नेहरू नगर स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राणा बेनी माधव सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। गौरतलब है कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राणा बेनी माधव बख्श सिंह की जयंती के अवसर पर यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री इसके बाद फिरोज गांधी कॉलेज के ग्राउंड में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री रायबरेली के लोगों को करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दे सकते हैं। इनमें कई विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास शामिल होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन की ओर से कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री की जनसभा को लेकर स्थानीय स्तर पर भी तैयारियां तेज हैं। आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री का यह दौरा राजनीतिक रूप से भी काफी अहम माना जा रहा है।









