सहारनपुर में बीएससी छात्रा की संदिग्ध मौत पर हंगामा, गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार से इनकार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सहारनपुर। गंगोह थाना क्षेत्र के गांव बिलासपुर में बीएससी छात्रा शिवानी विश्वकर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद तनाव की स्थिति बनी हुई है। मृतका के परिजनों ने गांव के दो लोगों पर छात्रा को प्रताड़ित करने, मारपीट और दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। परिजनों ने गिरफ्तारी होने तक अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है।

मृतका के भाई वंश विश्वकर्मा का आरोप है कि गांव का ही कृष्ण कुमार पिछले करीब छह महीने से उसकी बहन को परेशान कर रहा था। परिजनों ने ग्राम प्रधान मोनू कुमार पर भी मामले में मिलीभगत का आरोप लगाया है। परिजनों के मुताबिक, घटना के दिन छात्रा की मां धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने मायके गई थीं। आरोप है कि छात्रा को घर में अकेला पाकर दोनों आरोपी उसे बुलाकर ले गए और उसके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार, मारपीट और दुष्कर्म किया। परिजनों का कहना है कि घर लौटने के बाद छात्रा ने आत्महत्या कर ली।

हालांकि, दुष्कर्म, मारपीट और प्रताड़ना के आरोप फिलहाल मृतका के परिजनों की ओर से लगाए गए हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।

परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सूचना देने के बाद पुलिस ने उनकी मदद करने के बजाय उन्हें धमकाया और थाने से भगा दिया। उनका दावा है कि रिश्तेदारों के पहुंचने से पहले ही पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज चुकी थी।

पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर परिजनों और विश्वकर्मा समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने धलापड़ा पुलिस चौकी पर जाम लगाकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम खोल दिया गया, लेकिन रविवार को भी परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार नहीं हुए।

परिजनों ने ग्राम प्रधान से जान का खतरा होने और परिवार को धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी, सीओ गंगोह समेत कई थानों की पुलिस गांव में तैनात रही। अधिकारी परिजनों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने और मामले में आगे की कार्रवाई में जुटे हैं।

रिपोर्ट: काशिफ खान

और पढ़ें

[the_ad id="164"]