महराजगंज। तहसील सभागार में पीएम पोषण योजनांतर्गत कार्यरत रसोइयों के सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक जय मंगल कनौजिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित करने और दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। विद्यालय के बच्चों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक जय मंगल कनौजिया ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सामाजिक सुरक्षा और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि पीएम पोषण योजना में रसोइयों की भूमिका महत्वपूर्ण है। रसोइया विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वास्थ्य और शिक्षा के प्रति भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। इस दौरान रसोइयों को सम्मानित करने के साथ उन्हें कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, तहसीलदार पंकज शाही, बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल सहित परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक और बड़ी संख्या में रसोइया मौजूद रहीं।









