पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, भूमि विवादों के त्वरित निस्तारण के निर्देश
महराजगंज। जनपद के समस्त थानों पर शनिवार को “थाना समाधान दिवस” का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर जिले के सभी थानों पर यह आयोजन किया गया। थाना समाधान दिवस पर कुल 30 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 4 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष 26
प्रार्थना पत्रों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
थाना समाधान दिवस के दौरान जनपद के सभी क्षेत्राधिकारीगण अपने-अपने सर्किल के थानों पर मौजूद रहे। उन्होंने थाने पर आए फरियादियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना। इसी प्रकार सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने थानों पर समाधान दिवस का आयोजन कर शिकायतों को सुना। अधिकांश शिकायतें भूमि विवाद, आपसी रंजिश, पारिवारिक कलह और राजस्व संबंधी मामलों से जुड़ी थीं।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने निर्देश दिया है कि भूमि विवाद से संबंधित प्रकरणों का निस्तारण पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जाकर किया जाए। दोनों पक्षों की उपस्थिति में निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण तरीके से मामले का समाधान किया जाए। एसपी ने कहा कि “हमारा प्रयास है कि फरियादियों को अपनी समस्या के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों और विभागों के चक्कर न लगाने पड़ें। एक ही छत के नीचे, एक ही दिन उनकी समस्या का समाधान हो, यही थाना समाधान दिवस का उद्देश्य है।”उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि थाना स्तर, आईजीआरएस पोर्टल अथवा अन्य माध्यमों से प्राप्त भूमि संबंधी सभी प्रार्थना पत्रों को थाना समाधान दिवस रजिस्टर में अनिवार्य रूप से अंकित किया जाए। इसके बाद दोनों पक्षों को नोटिस देकर बुलाया जाए और पुलिस एवं राजस्व की संयुक्त टीम द्वारा नियमानुसार कार्रवाई कर प्रकरणों का त्वरित, निष्पक्ष और न्यायपूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
अधिकारियों ने बताया कि जो 26 मामले मौके पर निस्तारित नहीं हो सके हैं, उनकी फाइल संबंधित हल्का लेखपाल, कानूनगो और बीट पुलिस अधिकारियों को सौंपी गई है। एक सप्ताह के भीतर मौके पर जाकर पैमाइश और जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए हैं। समाधान दिवस के बाद सभी थानों से रिपोर्ट तलब कर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में समीक्षा भी की जाएगी। थाना समाधान दिवस के आयोजन से आम लोगों में संतोष देखने को मिला। कई फरियादियों ने कहा कि पुलिस और राजस्व विभाग के एक साथ बैठने से उनकी समस्याएं जल्दी सुनी जा रही हैं और समाधान भी तेजी से हो रहा है।









