तमकुहीराज, कुशीनगर। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर शनिवार को तमकुहीराज तहसील कार्यालय परिसर में लेखपालों ने अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में धरना-प्रदर्शन किया। आंदोलन के तहत लेखपालों ने थाना समाधान दिवस सहित अन्य सरकारी कार्यों का भी बहिष्कार किया, जिससे तहसील में राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित रहे।धरने के दौरान वक्ताओं ने अयोध्या जनपद की सोहावल तहसील में एक लेखपाल के विरुद्ध हुई ट्रैप कारर्वार्ई की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी अथवा एसआईटी से कराई जाए तथा सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और शिकायत प्रक्रिया की निष्पक्ष समीक्षा हो। यदि संबंधित लेखपाल को साजिश के तहत फंसाया गया हो तो उसे तत्काल न्याय दिया जाएसंघ ने भविष्य में किसी भी ट्रैप कारवार्ई से पहले शिकायत की सत्यता की अनिवार्य जांच और भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एसीओ) व विजिलेंस विभाग के लिए स्पष्ट स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) लागू करने की मांग भी की। लेखपालों का कहना है कि उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय होने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने सरकार से निष्पक्ष जांच व्यवस्था, कर्मचारियों की सुरक्षा तथा सम्मानजनक कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की मांग की।









