कसया। जस्टिस मोर्चा के तत्वावधान में निकाली जा रही ‘जेन जी कनेक्ट यात्रा’ गुरुवार शाम कुशीनगर पहुंची। यात्रा के दौरान युवाओं और आम नागरिकों से शिक्षा, रोजगार तथा भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता के मुद्दे पर संवाद किया गया।
कुशीनगर गेट पर आयोजित नुक्कड़ सभा के बाद यात्रा का समापन हुआ। इस दौरान यात्रियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।
जस्टिस मोर्चा से जुड़े प्रियेश पांडेय ने कहा कि प्रदेश का युवा पेपर लीक, लंबित भर्तियों, सरकारी पदों के खाली रहने, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और बेरोजगारी जैसी समस्याओं से परेशान है।
उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की कमी और लगातार सामने आ रही गड़बड़ियों का खामियाजा छात्रों व प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि यात्रा का उद्देश्य शिक्षा और रोजगार से जुड़े सवालों को गांव, कस्बे और शहरों तक पहुंचाना तथा युवाओं को इन मुद्दों पर एकजुट करना है।
यात्रा के दौरान पर्चे वितरित कर जस्टिस मोर्चा की मांगों से लोगों को अवगत कराया गया।20 अगस्त को चौरीचौरा, गोरखपुर से शुरू हुई यात्रा कुशीनगर के बाद देवरिया, बलिया, मऊ, आजमगढ़, गाजीपुर, वाराणसी, जौनपुर, प्रयागराज, प्रतापगढ़ और रायबरेली होते हुए दो अक्टूबर को लखनऊ पहुंचेगी।
यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर छात्रों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं, शिक्षकों और आम नागरिकों के साथ संवाद, नुक्कड़ सभाएं और जनसभाएं आयोजित की जाएंगी।
आयोजकों के अनुसार दो अक्टूबर को लखनऊ में यात्रा के समापन के दौरान पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और शिक्षा सुधार जैसे मुद्दों को लेकर बड़े युवा आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। इस दौरान अभिजीत, अवनीश चौरसिया, जहरूदीन अंसारी, दीपक गोंड, फिरोज आदि मौजूद रहे।









