ट्रेन की चपेट में आने से अधेड़ की मौत, घर में अकेले रह रहे थे किशोर चौधरी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर । खड्डा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सोहरौना निवासी एक व्यक्ति की बुधवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने मृतक की पहचान किशोर चौधरी पुत्र वीरेंद्र चौधरी के रूप में की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पनियहवा जीआरपी को जानकारी दी, जिसके बाद जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार किशोर चौधरी पिछले कई दिनों से घर में अकेले रह रहे थे। उनकी पत्नी कुछ दिन पहले अपनी बेटी के घर गई हुई थीं। किशोर चौधरी के दो बेटे हैं, जो रोजी-रोटी के सिलसिले में घर से बाहर रहते हैं। बताया जा रहा है कि दोनों बेटों की पत्नियां भी इन दिनों अपने मायके गई हुई थीं। ऐसे में किशोर चौधरी घर पर अकेले ही रह रहे थे।

बुधवार सुबह ग्रामीणों को जानकारी मिली कि खड्डा से सिसवा की ओर जाने वाले रेलवे ट्रैक पर एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई है। सूचना के बाद गांव के लोग मौके पर पहुंचे और शव की पहचान करने का प्रयास किया। इसी दौरान ग्रामीणों ने मृतक की पहचान किशोर चौधरी के रूप में की।

घटना सोहरौना रेलवे क्रॉसिंग से करीब 200 मीटर पश्चिम रेलवे ट्रैक पर हुई बताई जा रही है। ट्रेन की चपेट में आने से किशोर चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी पनियहवा जीआरपी को दी। सूचना मिलने के कुछ समय बाद जीआरपी की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]