शराबबंदी के बावजूद खुलेआम शराब सेवन का मामला, दुकान के पीछे से महंगे दाम पर बिक्री का आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर। स्वतंत्रता दिवस पर घोषित शराबबंदी के बावजूद अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के जगदीशपुर चौराहे पर शराब बिक्री और खुलेआम सेवन का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शराब की दुकान बंद होने के बावजूद दुकान के पीछे से निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर शराब बेची गई।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, 15 अगस्त को शराब की दुकानें बंद थीं, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग जगदीशपुर चौराहे पर खुलेआम शराब का सेवन करते देखे गए। जब इस संबंध में पूछताछ की गई तो कथित तौर पर बताया गया कि दुकान के पीछे से एक व्यक्ति द्वारा निर्धारित कीमत से अधिक दाम पर शराब उपलब्ध कराई जा रही थी।

घटना की तस्वीर सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि यदि शराब की दुकान बंद थी, तो आखिर शराब वहां तक कैसे पहुंची और किसके माध्यम से इसकी बिक्री की गई, यह जांच का विषय है।

स्थानीय लोगों ने आबकारी विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जांच में यदि शराब की अवैध बिक्री या निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बिक्री की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

मामले के संबंध में जिला आबकारी विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। अब देखना होगा कि वायरल तस्वीर और स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद आबकारी विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।

सवाल यह है कि जब 15 अगस्त को शराब की बिक्री पर रोक थी, तो जगदीशपुर चौराहे पर शराब लोगों तक कैसे पहुंची? यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

 

प्रेम सिंह – कुशीनगर

और पढ़ें

[the_ad id="164"]