कुशीनगर। आज देश 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और देशभक्ति के साथ मना रहा है। केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से 9 अगस्त से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत लोगों से अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की जा रही है। जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की ओर से भी लोगों को तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
लेकिन इसी बीच कुशीनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पंचानंद पाठक (पीएन पाठक) के नवनिर्मित आवास पर स्वतंत्रता दिवस के दिन भी तिरंगा नहीं दिखाई देने का मामला चर्चा में है।
विधायक पीएन पाठक का कसया क्षेत्र के बांडी पूल के पास नवनिर्मित आवास है। बताया जाता है कि कुछ माह पहले ही इस आवास पर गृह प्रवेश कार्यक्रम हुआ था। खास बात यह है कि विधायक स्वयं स्वतंत्रता दिवस से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय नजर आते रहे हैं और उनके नेतृत्व में क्षेत्र में तिरंगा यात्रा भी निकाली जा चुकी है।
इसके बावजूद 15 अगस्त यानी आज स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उनके इसी आवास पर राष्ट्रीय ध्वज नहीं लगा होना स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। आवास की तस्वीरों में ऊपरी हिस्से पर एक हनुमान जी का धार्मिक ध्वज दिखाई दे रहा है, लेकिन राष्ट्रीय ध्वज नजर नहीं आ रहा है।
ऐसे में लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब सरकार आम नागरिकों से हर घर तिरंगा अभियान के तहत अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज लगाने की अपील कर रही है और विधायक स्वयं भी तिरंगा यात्रा निकालकर लोगों को देशभक्ति का संदेश दे चुके हैं, तो उनके नवनिर्मित आवास पर स्वतंत्रता दिवस के दिन तिरंगा क्यों नहीं लगाया गया? स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस के दिन राष्ट्रीय ध्वज का विशेष महत्व होता है।
ऐसे मौके पर जनप्रतिनिधियों के आवासों पर भी तिरंगा फहरता दिखाई देना आम तौर पर लोगों के लिए प्रेरणा का विषय होता है। यही वजह है कि विधायक के आवास पर तिरंगा नहीं दिखने को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, आवास पर राष्ट्रीय ध्वज नहीं लगाए जाने के संबंध में विधायक पंचानंद पाठक या उनके प्रतिनिधियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।
यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि तिरंगा नहीं लगाने के पीछे कोई विशेष कारण है या किसी अन्य वजह से राष्ट्रीय ध्वज नहीं लगाया गया। विधायक पक्ष का स्पष्टीकरण इस पूरे मामले की स्थिति को स्पष्ट कर सकता है। गौरतलब है कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत लोगों को 9 से 17 अगस्त तक राष्ट्रीय ध्वज के साथ स्वतंत्रता दिवस की भावना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस के दिन ही एक जनप्रतिनिधि के नवनिर्मित आवास पर तिरंगा नहीं दिखना निश्चित रूप से चर्चा का विषय बन गया है।
अब सवाल यह है कि जब विधायक स्वयं तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति का संदेश दे रहे हैं, तो उनके अपने आवास पर 15 अगस्त के दिन तिरंगा क्यों नहीं फहरा रहा है? इसको लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि सोशल मीडिया पर फोटो वीडियो वॉयरल होने के बाद दोपहर में तिरंगा लगाया गया।
वही इस पर सपा जिला अध्यक्ष राम अवध यादव की प्रतिक्रिया आई है उन्होंने ने आरोप लगाया है कि बीजेपी केवल दिखावा करती है इनकी कथनी और करनी में जमीन आसमान का अंतर होता है। इनका हर घर तिरंगा अभियान की सच्चाई सामने दिख रही है।









