छात्र गुटों के विवाद में किशोर की पीट-पीटकर हत्या, क्षेत्र में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर । कप्तानगंज थाना क्षेत्र के हरिहरनाथ उत्तरी कस्बे में शुक्रवार को छात्र गुटों के बीच चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। चकबंदी चौक के पास कुछ युवकों ने एक किशोर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया और एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

मृतक की पहचान वार्ड नंबर-16, हरिहरनाथ उत्तरी नगर पंचायत कप्तानगंज निवासी करन साहनी पुत्र रामभवन साहनी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे करन चकबंदी चौक पर सब्जी खरीदने गया था। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद कुछ लड़कों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों ने करन को बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा।

पहले भी हुआ था विवाद

स्थानीय लोगों के मुताबिक घटना से एक दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद और मारपीट हुई थी। उस समय सरस्वती शिशु विद्या मंदिर कन्या इंटर कॉलेज के शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। लेकिन पुरानी रंजिश और विवाद खत्म नहीं हुआ। आरोप है कि शुक्रवार को इसी विवाद के चलते एक पक्ष ने सुनियोजित तरीके से करन पर हमला कर दिया।

गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से करन को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

तीन भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटा था करन

परिजनों के अनुसार करन अपने तीन भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई राहुल साहनी बाहर रहकर काम करते हैं, जबकि दूसरे भाई का नाम अंकित साहनी बताया गया है। पिता रामभवन साहनी खेती-किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। करन की मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। माता-पिता सहित सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना के बाद क्षेत्र में बढ़ा तनाव

दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद हरिहरनाथ उत्तरी कस्बे और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में लोग अस्पताल और मृतक के घर के बाहर जुट गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया और क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही कप्तानगंज पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

मौके पर सीओ कसया अजय सिंह, तहसीलदार चंदन कुमार, थानाध्यक्ष धीरेंद्र राय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की गहन जांच की जा रही है। हमले में शामिल युवकों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है।

परिजनों ने की कार्रवाई की मांग

मृतक के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि करन की हत्या सुनियोजित तरीके से की गई है और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कठोर सजा दी जानी चाहिए। वहीं प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

 

प्रेम सिंह – कुशीनगर

और पढ़ें

[the_ad id="164"]