गुजरात में कार्य के दौरान हादसे में युवक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर । खड्डा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा करदह निवासी 25 वर्षीय युवक आरिफ पुत्र आलमगीर की गुजरात में कार्य के दौरान हुए हादसे में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन और ग्रामीण इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं।

जानकारी के अनुसार आरिफ अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के उद्देश्य से गुजरात कमाने गया था। वह वहां एक कंपनी में एसी (एयर कंडीशनर) से संबंधित कार्य करता था। आरिफ का बड़ा भाई भी उसी कंपनी में कार्यरत था। बताया जाता है कि बड़े भाई ने ही उसे कंपनी में काम दिलाया था, ताकि दोनों भाई मिलकर परिवार की आर्थिक स्थिति को बेहतर बना सकें।

परिजनों के मुताबिक 12 अगस्त को कंपनी में कार्य के दौरान आरिफ पाइप निकालने का काम कर रहा था। इसी दौरान ऊपर रखा भारी सामान और लोहे का ढांचा (बर्चा) अचानक नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में आने से आरिफ गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर में गंभीर चोट लगी। हादसे के तुरंत बाद कंपनी के कर्मचारियों द्वारा उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। हालांकि सिर में लगी गंभीर चोट के कारण इलाज के दौरान उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई और अंततः उसकी मौत हो गई।

बताया जाता है कि हादसे के बाद कंपनी की ओर से तत्काल परिजनों को घटना की जानकारी नहीं दी गई। परिवार को यह भी नहीं बताया गया कि आरिफ गंभीर रूप से घायल है। जब इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, तब उसके बड़े भाई ने घर फोन कर घटना की सूचना दी। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

मृतक आरिफ दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं। उसके पिता आलमगीर खेती और मजदूरी कर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आर्थिक तंगी के कारण उन्होंने अपने बेटे को रोजगार के लिए बाहर भेजा था। परिवार को उम्मीद थी कि बेटा कमाकर घर की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाएगा और परिवार का भविष्य संवारने में मदद करेगा।

ग्रामीणों ने बताया कि आलमगीर अपने छोटे बेटे को लेकर कई सपने संजोए हुए थे। उन्हें विश्वास था कि बेटा कमाकर परिवार की आर्थिक परेशानियों को दूर करेगा, लेकिन उसकी असमय मौत ने परिवार की खुशियां छीन लीं। घटना के बाद से पिता, माता, भाई और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर पर ग्रामीणों और रिश्तेदारों की भीड़ जुट गई। सभी लोग परिवार को सांत्वना देने में लगे हुए हैं। वहीं परिजन सरकार और संबंधित कंपनी से आर्थिक सहायता तथा उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं। गांव के लोगों का कहना है कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है, ऐसे में प्रशासन और कंपनी को पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद करनी चाहिए।

 

प्रेम सिंह – कुशीनगर

और पढ़ें

[the_ad id="164"]