अहमदाबाद में परेड के बाद बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में तोड़ा दम
प्रेम सिंह – कुशीनगर
कुशीनगर। कुशीनगर जनपद के कप्तानगंज तहसील क्षेत्र के अगेया कुंडूर गांव निवासी भारतीय सेना के हवलदार रमेश कुमार का 12 अगस्त की शाम अहमदाबाद में ड्यूटी के दौरान हृदयाघात से निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे गांव और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीण अपने वीर सपूत के अंतिम दर्शन की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार हवलदार रमेश कुमार ड्यूटी के दौरान आयोजित एक परेड में शामिल हुए थे। परेड समाप्त होने के बाद जब वह अपने कार्यस्थल की ओर लौट रहे थे, तभी अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा और उनकी तबीयत बिगड़ गई। साथी जवानों ने तत्काल उन्हें सेना के अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
अहमदाबाद हेडक्वार्टर में दी गई अंतिम सलामी
मृतक के साले भोला चौधरी ने बताया कि शुक्रवार सुबह अहमदाबाद स्थित सेना मुख्यालय में अधिकारियों और जवानों ने हवलदार रमेश कुमार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सेना की परंपरा के अनुसार उन्हें अंतिम सलामी दी गई और “रमेश कुमार अमर रहें” के नारों के साथ वीर जवान को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इस दौरान सेना के अधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
विशेष विमान से गोरखपुर लाया जा रहा पार्थिव शरीर
परिवार के अनुसार हवलदार रमेश कुमार का पार्थिव शरीर सेना के विशेष विमान से शुक्रवार शाम करीब तीन बजे गोरखपुर पहुंचने की संभावना है। वहां से सैन्य वाहनों के काफिले के साथ सड़क मार्ग से उनके पैतृक गांव अगेया कुंडूर लाया जाएगा। गांव में अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ जुटने की संभावना है।
पत्नी और दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
हवलदार रमेश कुमार अपने पिता सुदर्शन की इकलौती संतान थे। उनके पिता का कुछ वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। लगभग 15 वर्ष पहले उनकी शादी पडरौना के बावली चौक निवासी ओम प्रकाश चौधरी की पुत्री सोनम चौधरी से हुई थी। परिवार में 12 वर्षीय पुत्र ऋषभ और 10 वर्षीय पुत्री राशि हैं।
पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी सोनम बेसुध हो गईं। दोनों बच्चे भी अपने पिता को याद कर बिलख रहे हैं। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
सैन्य सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार
परिजनों ने बताया कि गांव में सड़क किनारे स्थित उनकी पैतृक भूमि पर शुक्रवार शाम करीब चार बजे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। सेना के जवान गार्ड ऑफ ऑनर देकर अपने साथी को अंतिम विदाई देंगे। इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों के शामिल होने की संभावना है।
गांव में शोक की लहर, अंतिम दर्शन को उमड़ेंगे लोग
हवलदार रमेश कुमार के असामयिक निधन की खबर से अगेया कुंडूर सहित पूरे कप्तानगंज क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने कहा कि रमेश कुमार बेहद मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ सैनिक थे। उनके निधन से क्षेत्र ने अपना एक वीर सपूत खो दिया है। गांव में लोग उनके पार्थिव शरीर के पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं ताकि अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर सकें।









