तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत, चालक फरार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर । राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (एनएच-27) पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा तमकुहीराज तहसील गेट के सामने आज सुबह करीब 9:45 बजे हुआ। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

मृतक की पहचान तमकुहीराज थाना क्षेत्र के परसौनी बुजुर्ग निवासी दूधनाथ कुशवाहा (55 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह किसी बीमारी की दवा लेने के लिए तहसील रोड स्थित एक मेडिकल स्टोर पर जा रहे थे। इसी दौरान एनएच-27 पार करते समय तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करने के प्रयास में उनकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दूधनाथ कुशवाहा सड़क पर गिर पड़े और ट्रक का अगला पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही तमकुहीराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।

तमकुहीराज के प्रभारी निरीक्षक गिरजेश उपाध्याय ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने एनएच-27 पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।

 

प्रेम सिंह – कुशीनगर

और पढ़ें

[the_ad id="164"]