प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को बांधकर पीटा, गंभीर हालत में गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर : हनुमानगंज थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को कुछ लोगों ने पकड़कर उसके हाथ-पैर बांध दिए और लाठी-डंडों से जमकर पीटा। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, हनुमानगंज थाना क्षेत्र के मलहिया गांव निवासी दुर्गेश बीन सोमवार रात अपने गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित एक गांव में पहुंचा था। घायल युवक के परिजनों का आरोप है कि एक युवती के माध्यम से उसे फोन कर बुलाया गया था। वहां पहुंचने पर कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया और हाथ-पैर बांधकर लाठी-डंडों से उसकी पिटाई कर दी। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर युवक का भाई राजकुमार ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचा। किसी तरह दुर्गेश को आरोपितों के कब्जे से छुड़ाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुर्कहा ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे कुशीनगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां भी स्थिति में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेज दिया, जहां उसका इलाज जारी है।

ग्रामीणों के अनुसार, दुर्गेश का एक युवती से लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच फोन पर बातचीत और मुलाकात होती थी। बताया जा रहा है कि युवती के परिजनों को इसकी जानकारी होने के बाद उसकी शादी कहीं और तय कर दी गई थी। इसी बीच यह घटना हो गई।

घटना से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में कुछ लोग युवक की पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि दूसरे वीडियो में वह घायल अवस्था में जमीन पर पड़ा नजर आ रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

हनुमानगंज थानाध्यक्ष दिग्विजय नारायण राय ने बताया कि मामले में युवती के पिता राजकुमार समेत दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा घायल युवक का बयान दर्ज कराने के लिए टीम को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

 

प्रेम सिंह – कुशीनगर

और पढ़ें

[the_ad id="164"]