बकरी चरा रही महिला को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, सिर व हाथ में गंभीर चोट, जिला अस्पताल रेफर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर : खड्डा थाना क्षेत्र के बहोर छपरा शराब भट्ठी के सामने शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बकरी चरा रही महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। नहर की पटरी के पास बकरियां चरा रही महिला को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला के सिर तथा हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। हाथ की हड्डी बाहर निकल गई है और कई जगह फ्रैक्चर होने की बात बताई जा रही है।

घायल महिला की पहचान शकुंतला देवी (पत्नी रामदुलारे) निवासी भजन छपरा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार शकुंतला देवी परिवार के भरण-पोषण में सहयोग के लिए बकरी पालन करती हैं और उसी सिलसिले में नहर की पटरी पर बकरियां चरा रही थीं। इसी दौरान तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद महिला सड़क पर गिरकर दर्द से तड़पती रही। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे सड़क से किनारे कराया और घटना की सूचना उसके परिजनों को दी। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल महिला को घर ले गए।

इसके बाद महिला की हालत गंभीर देखते हुए एंबुलेंस की सहायता से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुर्कहा पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन सिर और हाथ में गंभीर चोटों को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

बताया जा रहा है कि हादसे में महिला के सिर में गंभीर चोट लगी है, जबकि उसके हाथ की हड्डी बाहर निकल गई है और हाथ में कई स्थानों पर फ्रैक्चर हुआ है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

ग्रामीणों ने बताया कि शकुंतला देवी का परिवार आर्थिक रूप से साधारण है और बकरी पाल के उनकी आजीविका चलाती थी। दुर्घटना के बाद परिवार के सामने इलाज और आजीविका दोनों की चिंता बढ़ गई है।

 

प्रेम सिंह – कुशीनगर

और पढ़ें

[the_ad id="164"]