कुशीनगर के सुकरौली में महिलाओं का दिखा जोश, तिरंगा यात्रा में गूंजा ‘भारत माता की जय’

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर जिले के हाटा तहसील क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर निकाली जा रही तिरंगा यात्राओं में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। सुकरौली विकासखंड में आयोजित तिरंगा यात्रा में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने उत्साह से पूरे माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। हाथों में तिरंगा लेकर चल रहीं महिलाओं का जोश पुरुषों से कम नहीं दिखाई दिया।

सुकरौली खंड विकास कार्यालय से शुरू हुई तिरंगा यात्रा नगर पंचायत सुकरौली के शहीद स्थल तक पहुंची। यात्रा के दौरान महिलाओं ने देशभक्ति के नारे लगाए। ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। तिरंगे के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही महिला कर्मचारियों और नगर की महिलाओं ने लोगों को देशप्रेम और राष्ट्र की एकता का संदेश दिया।

इस तिरंगा यात्रा का नेतृत्व सुकरौली की ब्लॉक प्रमुख रंजना पासवान ने किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के आंदोलन में महिलाओं ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। भारतीय नारी ने हमेशा साहस और त्याग की मिसाल कायम की है। उन्होंने झांसी की रानी का उदाहरण देते हुए कहा कि महिलाओं ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों तक की आहुति दी।

रंजना पासवान ने कहा कि आज की महिलाएं केवल घर और परिवार की जिम्मेदारी निभाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जरूरत पड़ने पर अपनी रक्षा करने के साथ-साथ देश की रक्षा के लिए भी आगे खड़ी हो सकती हैं। देशहित के लिए महिलाएं किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हैं।

तिरंगा यात्रा में सुकरौली की एडीओ पंचायत उषा कुशवाहा समेत बड़ी संख्या में महिला कर्मचारी और स्थानीय महिलाएं शामिल रहीं। शहीद स्थल पर पहुंचकर यात्रा का समापन हुआ। महिलाओं की बड़ी भागीदारी ने यह संदेश दिया कि राष्ट्रभक्ति और देश के प्रति सम्मान में महिलाएं भी पूरी मजबूती के साथ आगे हैं।

हाटा कुशीनगर – मनोज कुमार यादव

और पढ़ें

[the_ad id="164"]