सिसवा नगर पालिका को ₹2 करोड़ की सौगात, विवेकानंद और चित्रगुप्त नगर में बनेंगी सड़कें-नालियां

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सिसवा, महराजगंज। सिसवा नगर पालिका क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। नगर पालिका के दो वार्डों में सड़क और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए करीब 2 करोड़ रुपये की लागत वाली चार विकास परियोजनाओं को वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। यह स्वीकृति पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के तहत प्रदान की गई है।

शासनादेश के अनुसार स्वीकृत धनराशि नगर निकाय को ब्याज रहित ऋण के रूप में उपलब्ध कराई जाएगी। स्वीकृत प्रक्रिया के तहत परियोजनाओं की कुल लागत की 50 प्रतिशत पहली किश्त जल्द जारी की जाएगी।

इन वार्डों में होंगे विकास कार्य

वार्ड नंबर 21 विवेकानंद नगर में केदार के घर से संत कुमार के घर तक सीसी रोड एवं आरसीसी नाली का निर्माण कराया जाएगा।

वहीं वार्ड नंबर 24 चित्रगुप्त नगर में तीन अलग-अलग स्थानों पर विकास कार्य प्रस्तावित हैं। इनमें पाठक बीज भंडार से मुजीब के घर होते हुए रामाशंकर के घर तक निर्माण, बाबूलाल अग्रवाल के घर से अशोक बंका के घर तक निर्माण तथा रामाशंकर के घर से धनपाल के प्लाट तक सीसी रोड एवं आरसीसी नाली का निर्माण शामिल है।

टेंडर और वर्क ऑर्डर के बाद शुरू होगा काम

शासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत धनराशि का उपयोग नियमानुसार टेंडर प्रक्रिया पूरी होने और वर्क ऑर्डर जारी होने के बाद ही किया जाएगा। निर्माण कार्य में गुणवत्ता, निर्धारित मानकों और तय समयसीमा का पालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित निकाय की होगी।

वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद अब इन चारों परियोजनाओं पर जल्द काम शुरू होने की उम्मीद है। सड़क और नाली निर्माण से संबंधित वार्डों के लोगों को जलभराव, जल निकासी और आवागमन की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

रिपोर्ट: अरुणेश कुमार गुप्त, सिसवा

और पढ़ें

[the_ad id="164"]