सिसवा। बिजली विभाग ने मंगलवार को बड़े बकायेदार उपभोक्ताओं के खिलाफ सघन चेकिंग एवं वसूली अभियान चलाया। अवर अभियंता सत्यम कुमार गौड़ के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान 40 बड़े बकायेदारों के बिजली कनेक्शन काट दिए गए, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
अभियान देहात और शहरी दोनों क्षेत्रों में चलाया गया। ग्रामीण क्षेत्र के गेरमा, हेवती और रूदापुर गांवों में चेकिंग की गई, जबकि नगर क्षेत्र में गोपालनगर, फलमंडी, मेन मार्केट, अमरपुरवा तिराहा समेत कई इलाकों में बिजली बिलों की जांच की गई।
चेकिंग के दौरान लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं करने वाले 40 बकायेदार उपभोक्ताओं के कनेक्शन विच्छेदित किए गए। वहीं, विभागीय टीम ने अभियान के दौरान 3 लाख 32 हजार रुपये की बकाया राशि भी वसूल की।
अवर अभियंता सत्यम कुमार गौड़ ने बताया कि कई बार निर्देश दिए जाने के बावजूद कुछ उपभोक्ताओं द्वारा बिजली बिल जमा नहीं किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि बकायेदारों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
अभियान में लाइनमैन जमील अहमद, शिवनाथ, मुकेश, कन्हैया, प्रदुम्न, बबलू, विनोद, अजय, सन्नी और संजय समेत विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्टर — अरुणेश कुमार गुप्त









