सिद्धार्थनगर। नेपाल सीमा से सटे मोहाना थाना क्षेत्र में पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 बोरी यूरिया खाद और 4 साइकिलें बरामद की हैं। कार्रवाई के बाद बॉर्डर क्षेत्र में तस्करी करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम लीलाडिहवा में रात के समय चेकिंग के दौरान मोहाना पुलिस और एसएसबी लीलाडिहवा की संयुक्त टीम को यह सफलता मिली। टीम ने मौके से तस्करी के लिए ले जाई जा रही 16 बोरी यूरिया खाद और चार साइकिलें बरामद कीं।
बरामद सामान को कस्टम अधिनियम की धारा-11 के तहत अग्रिम कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय ककरहवा भेज दिया गया है।
बताया गया कि यह कार्रवाई एसएसपी डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर चलाए जा रहे तस्करी विरोधी अभियान के तहत की गई। सीमा क्षेत्र में पुलिस और एसएसबी की लगातार निगरानी के चलते तस्करी गतिविधियों पर शिकंजा कसने का प्रयास किया जा रहा है।
संयुक्त टीम की इस कार्रवाई के बाद बॉर्डर क्षेत्र में अवैध तस्करी में शामिल लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति है। अधिकारियों का कहना है कि सीमा क्षेत्र में तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।









