सिद्धार्थनगर। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 43वीं वाहिनी की सीमा चौकी लोहटी की विशेष गश्त पार्टी ने चार बोरी यूरिया खाद बरामद की है। जवानों ने खाद को मोटरसाइकिलों पर लादकर नेपाल ले जा रहे दो लोगों को दो बाइकों समेत पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, SSB की विशेष गश्त पार्टी सीमा स्तंभ संख्या 563 के पास निगरानी कर रही थी। इसी दौरान दो व्यक्ति मोटरसाइकिलों पर यूरिया खाद लादकर अनधिकृत रास्ते से भारत से नेपाल की ओर जाते दिखाई दिए। संदेह होने पर जवानों ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान दोनों मोटरसाइकिलों पर लदी यूरिया खाद की चार बोरियां बरामद हुईं। पूछताछ में पकड़े गए दोनों व्यक्तियों को बनचौरी, थाना शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर का निवासी बताया गया। खाद के संबंध में दोनों कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
SSB ने बरामद चार बोरी यूरिया खाद और दो मोटरसाइकिलों के साथ दोनों व्यक्तियों को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क विभाग, बढ़नी के सुपुर्द कर दिया। मामले में सीमा शुल्क विभाग द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।









