हाटा (कुशीनगर)। हाटा कोतवाली क्षेत्र में दो सहेलियों के बीच शुरू हुआ विवाद अब मारपीट, मुकदमे और पुलिस से न्याय की गुहार तक पहुंच गया है। मामले में दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस ने दोनों पक्षों के आरोपों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, प्रिया सिंह पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। उनका आरोप है कि मारपीट की शिकायत करने के बावजूद उनके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर दिया गया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मिलकर निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग करने की बात कही है।
मामला सात अगस्त का बताया जा रहा है। करमहा निवासी प्रीति देवी की ओर से दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया कि मैसेज और फोन पर गाली-गलौज के बाद वह अपनी ननद रूबी और रानी के साथ पूछताछ करने गई थीं। आरोप है कि वहां प्रिया सिंह, काशीनाथ मणि, अभिमन्यु और एक अज्ञात व्यक्ति ने लाठी-डंडे से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। प्रीति पक्ष ने घटना में तीन लोगों के घायल होने की बात कही है।
वहीं, प्रिया सिंह ने भी पुलिस को तहरीर देकर दूसरे पक्ष पर मारपीट का आरोप लगाया है। उनके मुताबिक, सात अगस्त की शाम करीब साढ़े पांच बजे धर्मेंद्र सिंह, उनकी पत्नी रानी समेत कुछ लोग उनकी सहेली के घर पहुंचे। आरोप है कि घर में घुसकर गाली-गलौज करने के बाद लाठी-डंडे से मारपीट की गई। प्रिया के अनुसार, घटना में उनकी सहेली नेहा और काशीनाथ मणि को भी चोटें आईं। उन्होंने अपनी एक उंगली में फ्रैक्चर होने का दावा किया है।
प्रिया सिंह ने बताया कि वह मूल रूप से मऊ जिले की रहने वाली हैं। बचपन में पिता की मृत्यु के बाद देखरेख करने वाला कोई नहीं था, जिसके चलते उन्हें बाल सुधार गृह भेजा गया था। वहीं उनकी मुलाकात प्रीति से हुई। प्रिया के मुताबिक, प्रीति भी नाबालिग होने के कारण एक मामले में बाल सुधार गृह पहुंची थी। दोनों के बीच वहीं दोस्ती हुई और प्रिया ने प्रीति को अपनी बहन की तरह मानना शुरू कर दिया।
प्रिया का दावा है कि बाद में बाल सुधार गृह से बाहर आने के बाद उन्होंने वकील आदि की व्यवस्था कर प्रीति को भी वहां से बाहर निकलने में मदद की। इसके बाद प्रीति अपने पति के साथ हाटा में किराए के मकान में रहने लगीं और प्रिया भी उनके साथ रहने लगीं।
प्रिया के मुताबिक, वह हाटा की एक दुकान पर काम करती थीं और अपनी कमाई का अधिकांश हिस्सा प्रीति और उसके परिवार को देती थीं। घर के लिए गैस सिलेंडर, सब्जी और राशन तक अपनी कमाई से खरीदने का उन्होंने दावा किया। कुछ समय तक दोनों के बीच संबंध सामान्य रहे।
इसी बीच प्रिया की एक अन्य युवती से दोस्ती हो गई, जिसे लेकर कथित तौर पर प्रीति से उनका विवाद शुरू हो गया। प्रिया का आरोप है कि उन्होंने प्रीति को पैसे देना बंद कर दिया और कुछ समय के लिए नोएडा चली गईं। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ आपत्तिजनक तस्वीरें और पोस्ट डाले जाने लगे। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ता गया।
प्रिया का आरोप है कि जब वह अपनी सहेली के घर पहुंचीं तो प्रीति का पति कुछ लोगों के साथ वहां पहुंच गया और विवाद के बाद मारपीट शुरू हो गई। उन्होंने बताया कि झगड़ा शांत कराने पहुंचे उनकी सहेली के पिता को भी चोटें आईं। प्रिया ने अपनी उंगली में फ्रैक्चर होने का दावा करते हुए मेडिकल दस्तावेजों के साथ पुलिस अधीक्षक के समक्ष शिकायत करने की बात कही है।
इधर, प्रीति पक्ष से उनका बयान लेने के लिए संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने मामले में अपना पक्ष रखने से इनकार कर दिया।
हाटा कोतवाली प्रभारी दीपक सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। दोनों तरफ से मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रभारी – जितेंदर सिंह









