देवरिया। गौरी बाजार-हाटा मार्ग पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई, जबकि कई शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र घायल हो गए। हादसा देवगांव के समीप उस समय हुआ जब छात्रों को स्कूल छोड़ने जा रहा ई-रिक्शा एसबीटी पब्लिक स्कूल की बस की चपेट में आ गया। हादसे में ई-रिक्शा चालक अकबर अली (35) की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, विशुनपुरा गांव निवासी अकबर अली रोज की तरह मंगलवार सुबह बच्चों को स्कूल पहुंचाने के लिए ई-रिक्शा लेकर निकले थे। इसी दौरान देवगांव के पास पीछे से आ रही स्कूल बस ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा पलट गया और उसमें सवार छात्र घायल हो गए।
हादसे में घायल छात्रों में प्रिया चौरसिया (15), आदित्य चौरसिया (14) और रिया चौरसिया (12) के नाम सामने आए हैं। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरी बाजार पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल छात्रों को मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया गया। कुछ परिजन उन्हें निजी अस्पताल लेकर चले गए।
दुर्घटना के समय स्कूल बस में शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं भी सवार थे। घायलों में शीला वर्मा, निकिता तिवारी, नेहा सिंह, आकृति सिंह, पूनम देवी, प्रियंका ओझा, पल्लवी सिंह और कुसुम गुप्ता सहित अन्य लोग शामिल बताए गए हैं। कई लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही गौरी बाजार पुलिस मौके पर पहुंच गई और दुर्घटनाग्रस्त बस व ई-रिक्शा को कब्जे में ले लिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। कुछ रिपोर्टों में बस का टायर फटना कारण बताया गया है, जबकि प्रत्यक्षदर्शियों ने बस की तेज रफ्तार और लापरवाही की भी बात कही है।
अकबर अली अपने परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।









