कोठीभार थाना क्षेत्र अंतर्गत सिसवा बाजार और घुघली स्टेशन के बीच सोमवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतका की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, आज सुबह करीब 7 बजे सिसवा बाजार स्टेशन अधीक्षक ने पुलिस को सूचना दी कि सिसवा बाजार और घुघली स्टेशन के बीच किलोमीटर संख्या 338/2-3 के पास रेलवे ट्रैक पर एक महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही कोठीभार थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।पुलिस को ट्रैक पर करीब 25 वर्षीय महिला का शव मिला, जो सलवार-कुर्ती पहने हुई थी। प्राथमिक जांच में ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
थानाअध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि शव की शिनाख्त के लिए आसपास के गांवों और राहगीरों से पूछताछ की गई है। साथ ही पहचान सुनिश्चित करने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी फोटो साझा की गई है। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
रिपोर्टर अरुणेश कुमार गुप्त









