निचलौल। नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को लेकर सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। जिला उपाध्यक्ष जाहिद अली के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए जिम्मेदार विभागों से जल्द से जल्द खराब लाइटों को दुरुस्त कराने की मांग की। प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी को संबोधित मांग पत्र नायब तहसीलदार निचलौल को सौंपा गया।
आप कार्यकर्ताओं का आरोप है कि नगर पंचायत निचलौल के सभी 13 वार्डों में सैकड़ों बिजली के खंभों पर लगी एलईडी, स्ट्रीट लाइट, सोडियम और हाई मास्ट लाइटें लंबे समय से खराब हैं। लाइटें खराब होने के कारण शाम होते ही कई प्रमुख रास्तों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर अंधेरा छा जाता है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
कार्यकर्ताओं ने बताया कि नगर पालिका परिषद सिसवा में भी स्ट्रीट लाइटों की स्थिति खराब है। रखरखाव के अभाव में मुख्य मार्गों और कई मोहल्लों में लगी लाइटें बंद पड़ी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति भी इससे अलग नहीं है। निचलौल, मिठौरा और सिसवा ब्लॉक के विभिन्न गांवों में बिजली के खंभों पर लगी लाइटें लंबे समय से खराब पड़ी हैं।
आप पदाधिकारियों का कहना है कि ग्रामीणों और स्थानीय लोगों की ओर से अधिकारियों व संबंधित जिम्मेदारों को कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। पर्याप्त बिजली आपूर्ति होने के बावजूद खराब स्ट्रीट लाइटों के कारण रात में सड़कों पर अंधेरा रहता है।
कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में खराब पड़ी सभी स्ट्रीट लाइटों का सर्वे कराकर शीघ्र मरम्मत कराने और नियमित रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
संवाददाता — अरुणेश कुमार गुप्त









