मंदिर से घर लौट रहे पिता की बाइक भिड़ी, दो मासूमों समेत चार घायल; पिता की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

खड्डा तहसील क्षेत्र के हनुमानगंज थाना के पनियहवा-नेबुआ हाईवे मार्ग पर सोमवार की शाम करीब पांच बजे दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो मासूम बच्चों समेत चार लोग घायल हो गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल नगर पंचायत छितौनी के गांधीनगर वार्ड निवासी अजीत यादव उर्फ जीत यादव (40) की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुर्कहा में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार अजीत यादव सोमवार को अपने दोनों बच्चों आयुष (5) और पीयूष (3) को बाइक पर बैठाकर श्री पातालेश्वर नाथ मंदिर गए थे। शाम करीब पांच बजे वह बच्चों के साथ मंदिर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान छितौनी बाईपास और पनियहवा चौराहे के बीच अवधेश हार्डवेयर की दुकान के समीप सामने से आ रही बाइक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।

दूसरी बाइक पर पडरौना कोतवाली क्षेत्र के त्रिलोकपुर मरचहवा निवासी लक्ष्मण गोंड (40) सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि अजीत यादव, उनके दोनों बच्चे आयुष व पीयूष तथा लक्ष्मण गोंड सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पर पहुंचे हनुमानगंज थाने के एसआई संजीव मौर्य ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुर्कहा पहुंचाया। चिकित्सकों ने अजीत यादव की हालत गंभीर देखते हुए उपचार शुरू किया, लेकिन हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल रेफर किए जाने से पहले ही चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों बच्चों और लक्ष्मण गोंड का उपचार स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।

पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल

अजीत यादव की मौत की खबर मिलते ही पत्नी आरती यादव बेसुध हो गईं। परिजनों के अनुसार आरती यादव गर्भवती हैं और सावन के दूसरे सोमवार का व्रत रखी हुई थीं। पति की मौत की खबर सुनते ही उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वह बार-बार पति को याद कर बिलख रही थीं। परिवार में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को कब्जे में ले लिया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।

पांच माह पहले सांप ने छीना था बड़ा भाई, अब हादसे में जीत की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

नगर पंचायत छितौनी के गांधीनगर वार्ड निवासी अजीत यादव उर्फ जीत यादव (40) की सड़क हादसे में हुई मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। अभी करीब पांच माह पहले ही उनके बड़े भाई सुखल यादव की सांप के काटने से मौत हुई थी। परिवार उस दुख से पूरी तरह उबर भी नहीं पाया था कि सोमवार को सड़क हादसे में जीत यादव की मौत ने परिजनों को एक बार फिर झकझोर कर रख दिया।

सोमवार की शाम जीत यादव अपने पांच वर्षीय पुत्र आयुष और तीन वर्षीय पुत्र पीयूष को बाइक पर बैठाकर श्री पातालेश्वर नाथ मंदिर से घर लौट रहे थे। पनियहवा-नेबुआ हाईवे मार्ग पर छितौनी बाईपास और पनियहवा चौराहे के बीच सामने से आ रही बाइक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में जीत यादव समेत उनके दोनों मासूम बच्चे और दूसरी बाइक सवार लक्ष्मण गोंड घायल हो गए। उपचार के दौरान जीत यादव ने दम तोड़ दिया।

एक के बाद एक दो भाइयों की मौत से परिवार पर मानो दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पांच माह पूर्व बड़े भाई सुखल यादव की सांप के काटने से मौत के बाद परिवार अभी उस सदमे से उबर भी नहीं पाया था। सोमवार को जीत यादव की मौत की खबर ने घर में फिर से मातम छा दिया।

जीत यादव की पत्नी आरती यादव गर्भवती हैं और सोमवार को सावन के दूसरे सोमवार का व्रत रखी थीं। पति की मौत की खबर सुनते ही उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार की महिलाओं और बच्चों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। परिजनों का कहना है कि कुछ ही महीनों के अंतराल में परिवार ने दो बेटों को खो दिया, जिसे स्वीकार करना उनके लिए बेहद कठिन है।

जीत यादव अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बच्चों समेत परिवार को छोड़ गए हैं। हादसे की खबर के बाद गांव में भी शोक की लहर है। हर कोई इस दुखद घटना पर परिवार को ढांढस बंधा रहा है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]