महराजगंज। सोनौली में निर्माणाधीन अंतर्राष्ट्रीय चेक पोस्ट (आईसीपी) का जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने सोमवार को स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और प्रस्तावित यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने एलपीएआई अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और प्रथम चरण का काम हर हाल में अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि तय समयसीमा में काम पूरा नहीं होने पर जिम्मेदारी तय कर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्माण में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी कार्य निर्धारित मानकों और तकनीकी स्पेसिफिकेशन के अनुरूप होने चाहिए। निर्माण सामग्री और कार्यों की गुणवत्ता की नियमित निगरानी करने को भी कहा।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जिलाधिकारी को भारत-नेपाल के बीच वाहनों के आवागमन और प्रस्तावित यातायात व्यवस्था की जानकारी दी। बताया गया कि करीब 447 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही आईसीपी परियोजना में कार्गो टर्मिनल, पैसेंजर टर्मिनल, वेयरहाउस और पार्किंग समेत कई सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इमिग्रेशन और कस्टम सहित अन्य जरूरी कार्यालय भी यहां स्थापित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि आईसीपी के शुरू होने से भारत-नेपाल के बीच व्यापारिक गतिविधियों को सुविधा मिलेगी। आयातकों-निर्यातकों के साथ पर्यटकों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने एसडीएम नौतनवा को निर्माण कार्य का नियमित निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट और किसी भी तरह की अनियमितता की जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी, उपजिलाधिकारी नौतनवा और एलपीएआई के अधिकारी मौजूद रहे।









