गोरखपुर – मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में सोमवार को गोरखपुर महानगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। नगर निगम परिसर से रेलवे स्टेशन चौक तक करीब ढाई किलोमीटर लंबी यात्रा में हजारों लोग तिरंगा लेकर शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने हाथ में राष्ट्रध्वज लेकर पदयात्रा की, तो पूरा महानगर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। यात्रा से पहले मुख्यमंत्री ने नगर निगम परिसर स्थित वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पार्चन कर उनके बलिदान को नमन किया।
वीओ- तिरंगा यात्रा के शुभारंभ से पहले विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत का तिरंगा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की अमिट गाथा का नाम है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। आजादी के आंदोलन में अलग-अलग समय पर विभिन्न ध्वजों ने स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी और बाद में तिरंगे को राष्ट्रध्वज के रूप में स्वीकार किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशवासियों में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज हर नागरिक अपने घर पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रध्वज लगा सकता है। यह उन वीर शहीदों और क्रांतिकारियों को सम्मान देने का भी माध्यम है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
सीएम योगी ने मंगल पांडेय, बंधु सिंह, महारानी लक्ष्मीबाई, तात्या टोपे और धनसिंह कोतवाल समेत अनेक स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद किया। उन्होंने चौरीचौरा की ऐतिहासिक घटना और काकोरी ट्रेन एक्शन का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बलिदानियों को सम्मान देना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने लोगों से तिरंगा यात्रा के बाद अपने घरों पर राष्ट्रध्वज लगाने और उसके साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने इस वर्ष 5 करोड़ घरों में तिरंगा फहराने का लक्ष्य तय किया है। उन्होंने तिरंगा, राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ को सम्मान देने की अपील की।
गोरखपुर जिला प्रभारी – प्रदीप आनंद श्रीवास्तव









