महराजगंज। पावन श्रावण मास के द्वितीय सोमवार के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन-जलाभिषेक को लेकर महराजगंज पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। इसी क्रम में जिलाधिकारी महराजगंज गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने सोमवार को थाना ठूठीबारी क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पंचमुखी धाम शिव मंदिर इटहिया का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भीड़, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा दर्शन-पूजन के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने और भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित करने के निर्देश दिए।
डीएम और एसपी ने मंदिर परिसर में स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कैमरों के माध्यम से मंदिर परिसर एवं प्रमुख स्थानों पर की जा रही निगरानी व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों को लगातार सक्रिय रखते हुए संदिग्ध गतिविधियों और भीड़ की स्थिति पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए।
श्रावण मास में कांवड़ यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए प्रमुख कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है। इसके माध्यम से भीड़ और यातायात की स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
मंदिर परिसर एवं प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से दर्शन और जलाभिषेक कराने में जुटे रहे। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी पुलिसकर्मियों को विशेष जिम्मेदारी दी गई है।
अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा श्रद्धालुओं के साथ सहयोगात्मक व्यवहार रखने के निर्देश दिए। महराजगंज पुलिस ने कहा कि श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्रभावी रूप से संचालित की जा रही हैं।









