बांदा के तिंदवारी में तेरही माफी मोड़ के पास सड़क पर जलभराव और गड्ढों के चलते राहगीरों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हाइवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं, जिससे हादसों का खतरा बना हुआ है।
तिंदवारी नगर पंचायत क्षेत्र के तेरही माफी मोड़ पर नाला जाम होने से सड़क पर पानी भर गया है। बड़े-बड़े गड्ढों के बीच से स्कूली वाहन, रोडवेज बस, एंबुलेंस, बाइक और अन्य वाहनों को निकलना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, जाम के कारण वाहन चालकों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ रही है और करीब दो किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गई हैं।

नगर पंचायत अध्यक्ष सुधा साहू ने अधिशासी अधिकारी लल्लनराम यादव पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। उन्होंने ईओ को हटाने की मांग भी की। बताया गया कि सूचना मिलने पर ईओ मौके पर पहुंचे थे।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क की मरम्मत, नाले की सफाई और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है, ताकि आवागमन सुचारु हो सके और संभावित हादसों को रोका जा सके।








