मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए विशेष कैंप, डीएम ने बूथों का किया निरीक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शाहजहांपुर। मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराने और नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए शनिवार को जिले के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष कैंप आयोजित किए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बीएलओ को पंजीकरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने और नागरिकों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सरदार पटेल हिंदू इंटर कॉलेज, आर्य महिला इंटर कॉलेज, कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय रोटी गोदाम तथा आर्य महिला पीजी कॉलेज स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों से आवेदन प्रक्रिया और मतदाता पंजीकरण की प्रगति की जानकारी ली।

डीएम ने बताया कि विशेष कैंप में सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक सभी बूथों पर बीएलओ उपस्थित रहे। पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं और पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 उपलब्ध कराया गया। आवेदन के साथ नवीनतम फोटो, जन्मतिथि और निवास संबंधी दस्तावेज जमा करने की व्यवस्था रही।

प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क स्थापित की गई, जहां लोगों को आवेदन भरने और पंजीकरण संबंधी जानकारी दी गई। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने भी केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी की।

जिलाधिकारी ने युवाओं और पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट रजनीकांत सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

 

संवाददाता- धर्मेंद्र कुमार शर्मा

और पढ़ें

[the_ad id="164"]