हरिद्वार में खनन सामग्री से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बुजुर्ग महिला को मारी टक्कर, हालत गंभीर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ हादसा, चालक मौके से फरार, ओवरलोड वाहनों के संचालन पर उठे सवाल

हरिद्वार। श्यामपुर थाना क्षेत्र के लालढांग में खनन सामग्री से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सड़क पर पैदल जा रही 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला को टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना पास स्थित पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, चार दिन पहले लालढांग के कटेबड़ गांव के पास बुजुर्ग महिला सड़क से गुजर रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही खनन सामग्री से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया।

बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में क्षमता से अधिक खनन सामग्री भरी हुई थी, जिससे ट्रैक्टर के अगले पहिये ऊपर उठे हुए थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल महिला की मदद की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

घटना के बाद क्षेत्र में ओवरलोड खनन वाहनों के संचालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय स्तर पर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं।

वहीं, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]