कानपुर देहात। जिलाधिकारी कपिल सिंह ने मतदेय स्थलों पर आयोजित विशेष कैंपों के निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय रनियां प्रथम और खानचंद्रपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों में पठन-पाठन, मिड-डे मील व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही शिक्षकों को निर्देश दिए कि प्रत्येक बच्चे की शैक्षणिक प्रगति पर विशेष ध्यान दिया जाए और सभी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा के साथ बच्चों में अनुशासन, अच्छे संस्कार और रचनात्मक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाना चाहिए। उन्होंने विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों और सुविधाओं का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया। मिड-डे मील की व्यवस्था को भी बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी दुष्यंत कुमार मौर्य, तहसीलदार अकबरपुर पवन सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।









