हरिद्वार। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कनखल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बुप्रेनॉर्फिन के 10 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में नशा तस्करों, वांछित अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 23 अक्टूबर को कनखल पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान माया विहार, जगजीतपुर की ओर से दो व्यक्ति पैदल आते दिखाई दिए।
संदिग्ध गतिविधियां देखकर पुलिस ने दोनों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों के पास से पांच-पांच बुप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन बरामद हुए। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों पर बाग-बगीचों और घरों तक नशीले इंजेक्शन पहुंचाने का आरोप है। बताया जा रहा है कि पुलिस लंबे समय से इनकी तलाश कर रही थी।
कनखल पुलिस ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही नशीले इंजेक्शन की आपूर्ति से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।









