कुंभ-2027 की तैयारियां तेज, मेलाधिकारी और आईजी ने किया हरिद्वार बाईपास का निरीक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, संसाधन बढ़ाकर दिन-रात काम करने पर जोर

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने की कवायद शुरू कर दी है। शुक्रवार को मेलाधिकारी सोनिका और आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने एनएचएआई की हरिद्वार बाईपास परियोजना के पैकेज-1 का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों को लंबित कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।

मेलाधिकारी ने बहादराबाद से सराय होते हुए जगजीतपुर तक निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्था को श्रमिकों और संसाधनों की संख्या बढ़ाकर दिन-रात निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए। साथ ही गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा का विशेष ध्यान रखने को कहा।

निरीक्षण के दौरान कुंभ मेले में श्रद्धालुओं के आवागमन, दक्षद्वीप पार्किंग तक वाहनों की पहुंच तथा प्रवेश और निकास मार्गों की व्यवस्था पर चर्चा हुई। मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ में लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में सड़क और पार्किंग व्यवस्था मजबूत करना जरूरी है।

उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने और परियोजनाओं की प्रगति की लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर से जुड़ी हरिद्वार स्पर परियोजना को भी समय से पूरा करने पर जोर दिया।

इस दौरान एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, एनएचएआई परियोजना निदेशक पुनीत गर्ग, सीओ उमेश कुमार मलिक और यातायात निरीक्षक हितेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]