इटावा धान से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, हादसे में कैटल गार्ड की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

इटावा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार रात करीब 12 बजे तेज रफ्तार पिकअप ने धान से लदे ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और उस पर सवार 60 वर्षीय नफीस अहमद की नीचे दबने से मौत हो गई। पुलिस ने पिकअप चालक को हिरासत में ले लिया है।

नफीस अहमद पुत्र शब्बीर हसन बसरेहर थाना क्षेत्र के किल्ली सुल्तानपुर गांव के निवासी थे। वह बसरेहर में कैटल गार्ड के पद पर तैनात थे। शुक्रवार रात वह ट्रैक्टर पर धान लादकर जसवंतनगर मंडी में बेचने जा रहे थे। इटावा मंडी में आढ़त बंद होने के कारण उन्हें जसवंतनगर जाना पड़ रहा था। इसी दौरान पिकअप संख्या यूपी 86 एटी 5422 ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में नफीस ट्रॉली के नीचे दब गए। सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मेडिकल परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है।

मृतक के चचेरे भाई तौफीक ने हादसे की जानकारी दी। पुलिस ने पिकअप चालक को हिरासत में लेकर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


और पढ़ें

[the_ad id="164"]