रायवाला। रायवाला कोतवाली क्षेत्र के छिद्दरवाला ग्रामसभा में पूर्ति विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध गैस रिफलिंग के बड़े कारोबार का भंडाफोड़ किया है। टीम ने एक किराये के मकान में छापेमारी कर 62 कमर्शियल और 32 घरेलू गैस सिलेंडरों सहित पांच मोटर चालित रिफलिंग किट बरामद की हैं। मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामजीत सिंह, सुमित, वीर सिंह और राजीव कुमार के रूप में हुई है। कार्रवाई के दौरान एक लोडर वाहन भी कब्जे में लेकर सीज किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अवैध रूप से रिफलिंग की गई गैस ऋषिकेश, देहरादून और डोईवाला सहित आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई की जा रही थी।

पूर्ति निरीक्षक गोकुल रमोला, लोकेश पंत, विजय नैथानी, महेंद्र सिंह और मोहित चंद रमोला सहित पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया। रिहायशी इलाके में इस तरह गैस रिफलिंग का कारोबार होने से बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी।
फिलहाल पुलिस और पूर्ति विभाग बरामद सिलेंडरों के स्रोत तथा अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रहे हैं। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
संवाददाता -सागर रस्तोगी









