स्लग: वाहन चोरी और कटान करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पांच आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मेरठ के परीक्षितगढ़ थाना पुलिस और स्वाट टीम देहात को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वाहन चोरी और कटान करने वाले कथित गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर छह कटी हुई मोटरसाइकिलें, वारदात में इस्तेमाल दो बाइक, एक छोटा हाथी वाहन, तीन अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस और 19 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

मेरठ के परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र में एमएलसी निर्वाचन-2026 के मद्देनजर पुलिस ग्राम खजूरी के पास परीक्षितगढ़-मेरठ मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोसिन, फरमान, सूफियान उर्फ सोफी, शाह आलम और मोहम्मद असलम के रूप में हुई है। इनमें चार आरोपी मेरठ के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी हैं, जबकि एक आरोपी आजमगढ़ जिले का निवासी बताया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर कुल छह मोटरसाइकिलें कटी हुई अवस्था में बरामद की हैं। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिलें, एक छोटा हाथी वाहन, .315 बोर के तीन अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस और 19,500 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

बरामदगी के आधार पर थाना परीक्षितगढ़ में मुकदमा संख्या 352/2026 के तहत बीएनएस की धारा 317(2), 317(5), 111 और आयुध अधिनियम की धारा 3/25 में मुकदमा दर्ज किया गया है।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी सदर देहात के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी केदार सिंह के नेतृत्व में थाना पुलिस एवं स्वाट टीम देहात ने की।

फिलहाल पुलिस बरामद वाहनों और अन्य सामान के संबंध में सत्यापन कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]