अमेठी। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन 2026 के तहत अमेठी जनपद में शुक्रवार को मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। जिले में कुल 88.35 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। शिक्षक मतदाताओं ने लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
जनपद के सभी नौ मतदान केंद्रों पर सुबह आठ बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। मतदान को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मतदान केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहा और अधिकारियों ने लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी की।
जिलाधिकारी शशांक चौधरी और पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था एवं मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया। अधिकारियों ने मतदान कार्य में लगे कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
वहीं, मतदान के दौरान राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी देखने को मिला। समाजवादी पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाए, जिनका भाजपा पदाधिकारियों ने खंडन किया। भाजपा पदाधिकारियों ने पलटवार करते हुए कहा कि सपा प्रत्याशी मतदान केंद्रों पर दूर-दूर तक नजर नहीं आए और पार्टी केवल आरोप लगाना जानती है।
राजनीतिक बयानबाजी के बीच शिक्षक मतदाताओं में मतदान को लेकर उत्साह दिखाई दिया। जिले में 88.35 प्रतिशत मतदान के साथ शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतदान प्रक्रिया संपन्न हो गई। अब प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला मतगणना के बाद होगा।
रिपोर्ट – नितेश तिवारी








