सपा जपा नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज, 2027 विधानसभा चुनाव से जोड़कर देख रहे नेता
बाराबंकी। लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए बाराबंकी में मतदान जारी है। सुबह 8 बजे से शुरू हुए मतदान को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक रविना त्यागी ने फतेहपुर, देवा समेत विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

चुनाव के बीच सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है। सपा के पूर्व कैबिनेट मंत्री राकेश वर्मा ने इसे 2027 विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल बताते हुए प्रत्याशी कांति सिंह की भारी बहुमत से जीत का दावा किया। वहीं, सपा की पूर्व लोकसभा प्रत्याशी श्रेया वर्मा ने इसे सरकार बनाने की दिशा में पहला कदम बताया।
दूसरी ओर, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष शशांक कुसुमेश ने पलटवार करते हुए भाजपा प्रत्याशी इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह को स्नातक मतदाताओं का व्यापक समर्थन मिलने का दावा किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। वहीं, एसपी ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर पुलिस बल तैनात है और मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है।








